1 निगम का पहला सम्मेलन: सोनू मागो बने अध्यक्ष नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों ने ली शपथ 2 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशियां विजय पांडे निगम अध्यक्ष का चुनाव हारे 3 जिला पंचायत अध्यक्ष को सीईओ ने दिलाई शपथ जिला पंचायत सभाकक्ष में हुआ पहला सम्मेलन 4 सावन सोमवार पर शिवालयों में लगी भीड़ जगह जगह निकली पालकी यात्रा 5 जिला पंचायत में खूब बिके तिरंगे अधिकारियों और कर्मचारियों में दिखा उत्साह नगर पालिक निगम सभा कक्ष में सोमवार को नवनिर्वाचित महापौर विक्रम अहके को कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने शपथ दिलाई। महापौर की शपथ के बाद कांग्रेस भाजपा और निर्दलीय पार्षदगणों को भी कलेक्टर के द्वारा शपथ दिलाई गई।इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के 5-5 प्रतिनिधि शपथ ग्रहण में मौजूद रहे।शपथ ग्रहण में निगम कमिश्नर हिमांशु सिंह, एसडीएम अतुल सिंह, कार्यपालन यंत्री ईश्वर सिंह चंदेरी निगम सहायक आयुक्त बाथम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। नगर पालिक निगम में महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद निगम अध्यक्ष का चुनाव हुआ। जिसमें कांग्रेस की ओर से सोनू मागो और भाजपा की ओर से विजय पांडे मैदान में उतरे थे। जहां पर सोनू मागो को 27 और विजय पांडे को 20 वोट मिले। जबकि एक वोट रिजेक्ट हो गया। इस प्रकार सोनू मागो नगर पालिक निगम के अध्यक्ष बने। जिसके बाद उनके समर्थकों के द्वारा निगम में जमकर आतिशबाजी की गई। गाजे बाजे के साथ निगम अध्यक्ष सोनू मागो का स्वागत किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में सोमवार को जिला पंचायत का पहला सम्मेलन हुआ। जिसमें नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना और जिला पंचायत के अन्य सदस्यों के द्वारा शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया गया। जिला पंचायत सीईओ हरेंद्र नारायण के द्वारा जिला पंचायत के नए अध्यक्ष संजय पुन्हार को शपथ दिलाई गई।जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद उनकी सबसे पहली प्राथमिकता ग्रामीण अंचलों में बिजली,पानी और सड़क की सुविधा मुहैया कराना है।इसके अलावा शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को आसानी से मिल सके इसके लिए भी प्रयास करेंगे। नागपुर रोड स्थित महाकाल महादेव मंदिर से सावन सोमवार के अंतिम दिन मंदिर समिति के द्वारा बाबा महाकाल की विशाल पालकी यात्रा निकाली गई। जो क्षेत्र में भ्रमण करती हुई वापस मंदिर परिसर पहुंची। इस मौके पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भगवान शिव का रुद्राभिषेक कार्यक्रम किया गया। जिसके बाद महाप्रसाद और भंडारे का वितरण हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा देश भर में आजादी के अमृत महोत्सव की ७५वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान की शुरू की गई है। जिला प्रशासन के द्वारा 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान की मुहिम चलाई जा रही है। जिसके अंतर्गत जिला पंचायत में सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जमकर बिक्री हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा तिरंगे की खरीदी की गई। बता दें कि डाकघर और जिला पंचायत में तिरंगे की बिक्री हो रही है, जिसमें महज 25 रूपए में तिरंगा बेचा जा रहा है। जिला पंचायत में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा राष्ट्रीय कोष बढ़ाने के लिए २५ रूपए की जगह 100 रूपए से लेकर ५०० रूपए कीमत तक के तिरंगे खरीदे गए। जिला पंचायत के द्वारा नगर पालिक निगम क्षेत्र में वार्ड स्तर पर और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर भी हर घर तिरंगा लहराने के लिए तिरंगा ध्वज का वितरण किया जाएगा। स्वर्णकार महिला मंडल के द्वारा सावन माह के अवसर पर समाज की महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिता और कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें भगवान शिव और राधा कृष्ण की आकर्षक झांकी बनाने के साथ ही समाज की जरूरतमंद बेटियों को शिक्षण सामग्री गणवेश और जूतों का वितरण किया गया। इसके साथ ही 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के लिए समाज के लोगों को जागरूक किया गया। मोहर्रम पर शहर के अनेक स्थानों से सवारियां उठी जिसमें सवारियों के मुजावरों ने अपने अनुयायियों के साथ रात्रि में शहर का सफर किया। बड़ा इमामबाड़ा क्षेत्र में बाबा नाले हैदर की सवारी भी उठी। बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मलंबी इस मौके पर मौजूद थे। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत तिरंगा यात्रा सतपुड़ा लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों के द्वारा निकाली गई। जिसमें हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सभी लोगों से अपने घर में तिरंगा लगाए जाने की अपील सतपुडा लॉ कॉलेज ने की । परासिया के नव जागृति मानस मण्डल के द्वारा श्री रामचरित मानस रामायण के सुन्दर पाठ का वचन श्रावण मास में प्रारंभ किया गया था । प्रतिदिन श्रद्धालुओ के द्वारा राम चरित्र मानस का पाठ किया जा रहा था। जिसका सोमवार को विधिवत पूजा अर्चना के बाद समापन हुआ। कार्यक्रम में नवल सिंह परिहार, संजय सिंह सेंगर, सत्य नारायण वर्मा, बसंत मालवी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत अभिभावकों को जागरूक करने के लिए जिले भर के स्कूलों में भी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परासिया में भी स्कूल संस्थाओं के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद चौरगढ़े ने बताया कि अभिभावकों और बच्चों को हर घर तिरंगा अभियान से जोडऩे के लिए विशेष मुहिम छेड़ी गई है। जिसके अंतर्गत स्कूलों में प्राचार्यो की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए थे, जिसके बाद अब प्राचार्यो के द्वारा स्कूल स्तर पर पालक शिक्षक संघ की बैठक के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान से उन्हें जोड़े जाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। यह अभियान 13 से 15 अगस्त तक जारी रहेगा। सडक़ परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशन में सडक़ सुरक्षा, जीवन रक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत कुसमैली मंड़ी में सोमवार को नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का समापन हुआ। शिविर में 146 वाहन चालकों के नेत्रों की जांच की गई। इस अवसर पर मंडी सचिव सुरेश कुमार परते, मंडी निरीक्षक शिवदयाल अहीरवार, डॉ. नीरज सिंह बैस, प्रोजेक्ट कार्डिनेटर मृदुल हैमिल्टन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में गांधी गंज व्यापारी मंडल के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला और अनाज व्यापारी संघ के सदस्य नवनीत राठी उपस्थित थे। लोधीखेड़ा नगर परिषद का चुनाव संपन्न होने के बाद परिषद में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष निर्वाचन सोमवार को संपन्न हुआ। लोधीखेड़ा नगर परिषद में कुल वार्डों की संख्या 15 हैं, जिसमें सम्पन्न हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस को 8 भाजपा को 5 एवं निर्दलीय 2 प्रत्याशी विजयी हुए थे। जिसमें एक निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस समर्थित था। लोधीखेड़ा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा के समर्थन से अर्चना जायसवाल अध्यक्ष बनी हैं।