राष्ट्रीय
07-Apr-2020

1 देश में कोरोनावायरस संक्रमण के 4 हजार 919 मरीज हो गए हैं। मंगलवार को 138 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से राजस्थान में 24, महाराष्ट्र-हरियाणा में 23-23, गुजरात में 19, मध्यप्रदेश-कर्नाटक में 12-12, प.बंगाल-पंजाब में 11-11 और ओडिशा, असम, आंध्रप्रदेश में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 2 केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि संक्रमण दूसरी और तीसरी स्टेज के बीच पहुंच गया है। हालांकि, बीते 8 दिन में कल पहली बार ऐसा हुआ जब नए मामलों में कमी दर्ज की गई। दिन भर में 489 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। 28 मार्च को संक्रमितों की संख्या में 141 की बढ़ोतरी हुई थी। अगले दिन इसमें कमी आई और 115 नए मामले सामने आए थे। इसके बाद हर दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती गई। 3 यह बीमारी 27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुकी है। 135 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 361 बीमारी से उबर चुके हैं।वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजे तक देश में कोरोना संक्रमण के कुल 4 हजार 421 मामले सामने आए हैं। इनमें से 3 हजार 981 मरीजों का इलाज चल रहा है। 325 ठीक हुए हैं, जबकि 114 की मौत हो चुकी है। 4 दुनियाभर में कोरोनावायरस से 13 लाख 48 हजार 430 लोग संक्रमित हैं। इससे 74 हजार 795 की मौत हो चुकी है। दो लाख 86 हजार 567 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इटली (16,523) और स्पेन (13,341) के बाद अमेरिका में भी मरने वालों की संख्या दस हजार के पार हो गई है। पाकिस्तान ने इस्लामिक मिशनरी आंदोलन, तब्लीगी जमात द्वारा आयोजित सभा में शामिल होने वाले 20 हजार लोगों को लाहौर में क्वारैंटाइन किया गया है। 5 मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 274 हो गई है। प्रदेश में अब तक 17 मरीजों की मौत हुई है। उधर, भोपाल में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीध्कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने के मामले भी बढ़ रहे हैं। यहां मिले 75 मरीजों में 34 अकेले स्वास्थ्य विभाग के हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी जिलों में टोटल लॉकडाउन लागू करने और नियम तोड़ने वालों पर एफआईआर का आदेश दिया है। संक्रमण छिपाना भी गंभीर अपराध होगा। 6 भोपाल में दो दिन से टोटल लॉकडाउन है। पुलिस पुराने शहर में गश्त कर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है, लेकिन सोमवार रात बाहर घूम रहे कुछ लोगों ने दो पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। दूसरी ओर, टोटल लॉकडाउन होने से लोगों को जरूरी सामान मिलना बंद हो गया। यहां किराना और दूध की सप्लाई भी बाधित हुई है। 7 देश में 21 दिन के लॉकडाउन को आज दो हफ्ते पूरे हो रहे हैं। इसी बीच, सरकार में लॉकडाउन से बाहर निकलने के तरीकों पर मंथन शुरू हो चुका है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन खत्म होगा या आगे बढ़ेगा। एक ड्राफ्ट प्लान में राज्यों को चार हिस्सों में बांटकर लॉकडाउन खोलने का प्रस्ताव है। इसके अनुसार, जिस जिले में कोई मरीज नहीं होगा, वहां लोगों को कुछ शर्तों के साथ जिले के अंदर आवाजाही की इजाजत होगी। कुछ जिलों में रेल और बस के साथ-साथ विमान सेवा भी शुरू हो सकती हैं। रेल सर्विस शुरू होती है तो ट्रेन की मिडिल बर्थ बुक नहीं होगी। 8 दिल्ली के स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) में 2 डॉक्टरों समेत 18 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद केजरीवाल सरकार ने मंगलवार को अस्पताल बंद करा दिया। अब यहां भर्ती 19 कैंसर मरीजों का भी कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। 9 केदारनाथ दर्शन की इच्छा रखने वालों के लिए खुशखबरी है। देशभर में चल रहे लॉकडाउन के बीच मंदिर तक पहुंचाने वाले रास्ते को साफ करने का काम लगातार जारी है। इस काम में भी सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करते हुए एक-दूसरे से दूरी बनाकर रास्ता साफ किया जा रहा है। भीम बली से केदारनाथ मंदिर तक का रास्ता कुल 9 किमी का है। यह रास्ता पूरी तरह बर्फ से ढंक हुआ है। अब 95 लोगों की टीम इस बर्फ को धीरे-धीरे हटाने का काम कर रही है। केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल को शुरू होंगे। 10 तीन दिन की छुट्टी के बाद आज सप्ताह के पहले दिन भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुलने में कामयाब रहे। सेंसेक्स 1224 अंक और निफ्टी 362 पॉइंट ऊपर खुले। ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स 2000 अंक पार कर गया। अभी सेंसेक्स 2004.78 अंक ऊपर 29,595.73 पर और निफ्टी 584.45 पॉइंट ऊपर 8,668.25 पर कारोबार कर रहे हैं।


खबरें और भी हैं