क्षेत्रीय
21-Aug-2022

बारिश का मौसम भले ही भीषण गर्मी से राहत दिलाता हो, लेकिन इसमें सांप के काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कारण, बरसाती पानी बिलों में भरने से सांप बाहर निकल आते हैं। ऐसे में ज्यादातर खेतों में काम करने वाले लोग सांपों का शिकार बनते हैं। जिला अस्पताल में बीते 20 दिन में सांप के काटने पर 4 मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया था। जिसमें से 3 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। शुक्रवार की रात जहाँ तिवड़ाकामथ मोहखेड़ निवासी सहवती पति सुकलाल मस्कोले को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं शनिवार सुबह महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला अपने घर में बिस्तर पर सोई हुई थी। जिसे गहरी नींद में सांप ने काटा था। सर्पदंश की घटना के तुरंत बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लाए थे। जहां पर कुछ घंटे उपचार के बाद महिला ने दम तोड़ दिया। इसी प्रकार रविवार को भी सर्पदंश का एक मामला सामने आया है। जिसमें 54 वर्षीय व्यक्ति की सर्पदंश के कारण मौत हो गई है। अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के मुताबिक मुझरखेड़ी पांढुर्ना निवासी भाऊराव पिता भादेराव ककोड़े को सर्पदंश के कारण रविवार सुबह 6:00 बजे जिला अस्पताल लाया गया था। जहां पर उपचार के दौरान 7:30 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नरसिंहपुर रोड स्थित राधाकृष्ण मंदिर में यादव महासभा के द्वारा विशेष पूजा अर्चना और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसके बाद आज यादव महासभा के द्वारा भगवान श्री कृष्ण की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में यादव महासभा के पदाधिकारी सदस्य और समाजिक बंधु शामिल हुए। निर्मला देवी आश्रम में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उनके अनुयायियों के द्वारा विशेष पूजन किया गया। इस अवसर पर अमरावती से आए डॉ प्रसाद और उनकी पूरी टीम के द्वारा भजन की प्रस्तुति दी गई। निर्मला देवी आश्रम में पूजन एवं ध्यान के लिए छिंदवाड़ा जिले के साथ नागपुर, बेतूल, इंदौर,अमरावती से साधक छिंदवाड़ा पहुंचे थे। निर्मला देवी के अनुयायियों ने बताया कि माताजी के अनुसार श्री कृष्ण जी विशुद्धि चक्र के स्वामी है विशुद्धि चक्र के ध्यान से हमें वाणी में माधुर्य एवं प्रेम प्राप्त होता है। इसी कारण भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव निर्मला देवी आश्रम में आश्रम की परंपरा अनुसार मनाया गया। श्री गणेशोत्सव पर्व को लेकर छिंदवाड़ा नगर में भी विशेष तैयारी जोरों पर है। छिंदवाड़ा के प्रतिष्ठित मंडल द्वारा 45वे वर्ष में चैतन्य नवयुवक मंडल ह्रदय सम्राट की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंडल के वरिष्ठ संरक्षक युधिष्ठिर सोनी की अध्यक्षता में बैठक हुई।गणेशोत्सव मनाने हेतु सभी के विचार आमंत्रित किए गए थे। जिसमें प्रमुख रूप से क्षेत्र के मार्गदर्शक मंडल के पं नन्दकिशोर शास्त्री , सतीश दुबे (लालाजी) , राजू चरणागर, कस्तूर चंद जैन, अरविंद राजपूत भी मौजूद थे। हिंदू रक्षा समिति के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद परिसर प्राइवेट बस स्टैंड में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार देर शाम दही हांडी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व विधायक दीपक सक्सेना, जय सक्सेना सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष पिंचू बैस और उनकी टीम के द्वारा किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया। रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर में पिछले 41 वर्षों से अखंड राम नाम जाप चल रहा हैं। जिसका शनिवार के दिन समापन हुआ।इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हवन पूजन में हिस्सा लिया जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण हुआ। परासिया रोड स्थित पूजा लॉन में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह चल रही है। जिसमें कथावाचक देवी पूजा किशोरी के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया जा रहा है। कथा के छठवें दिन उन्होंने गोवर्धन परिक्रमा और कृष्ण बाणासुर संग्राम की कथा सुनाई। कथा सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की स्मृति को याद करने के लिए प्रतिवर्ष 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी उद्देश्य युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग तथा संस्था की प्राचार्य प्रो श्रीमती स्मृति हाबिल निर्देशन में डीडीसी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवको द्वारा राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की शपथ ली गई। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो रविंद्र नाफड़े सहित समस्त कॉलेज स्टाफ मौजूद था।


खबरें और भी हैं