क्षेत्रीय
15-Aug-2022

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल के द्वारा स्थानीय पुलिस ग्राउंड में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के बाद प्रभारी मंत्री के द्वारा सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया गया। कृषि मंत्री कमल पटेल के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश वाचन किया गया। जिसके बाद स्कूली छात्र छात्राओं के द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। रिमझिम फुहार के बीच यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।कार्यक्रम में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, एसपी विवेक अग्रवाल सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टी के जनप्रतिनिधि और समाज सेवी भी मौजूद थे। कलेक्ट्रेट परिसर में रिमझिम बारिश के बीच कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सभी प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। नगर पालिक निगम परिसर में नवनिर्वाचित महापौर विक्रम अहके के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो, निगम कमिश्नर हिमांशु सिंह सहित समस्त पार्षद और निगम के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। भाजपा कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पोफली सहित समस्त भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर इसे अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के साथ ही स्थानीय शिव मंदिर बड़े कुएं में भगवान शिव को तिरंगे के साथ सजाया गया था। पूर्व पार्षद दिनेश मालवीय ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मंदिर समिति के द्वारा यह पहल की गई थी। स्वतंत्रता दिवस की धुन सोमवार को शहर भर में दिखाई दी। मोबाइल एसोसिएशन के द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत डीजे साउंड के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथ में तिरंगा लेकर भाग लिया। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा इसे अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्र सरकार की मंशा अनुसार प्रत्येक जिले में 75 नए अमृत सरोवर बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया था।जिले में 105 अमृत सरोवर बनकर तैयार हो गए हैं। जिनमें से कुछ अमृत सरोवर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत और आर ई एस विभाग के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जिसके बाद पौधरोपण भी हुआ। जिला पंचायत परिसर में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सभी जिला पंचायत सदस्य और अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में जिला पंचायत एडिशनल सीईओ एसके गुप्ता, परियोजना अधिकारी एमआर बघेल, सुधीर कृषक, ममता नामदेव सहित जिला पंचायत का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एसएएफ में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के साथ प्रभारी मंत्री कमल पटेल, कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, एसपी विवेक अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों ने भोजन किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री कमल पटेल के द्वारा सर्किट हाउस में भी ध्वजारोहण किया गया। आजादी के अमृत महोत्सव पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में हाथों में देश का ध्वज लिए हजारों की संख्या में युवा तिरंगा यात्रा लेकर निकले। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक मिलती साहू ने किया। देशभक्ति गीत पर नाचते-गाते युवाओं ने यात्रा में जमकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। मसाल थामकर युवाओं ने देश की आजादी के संघर्ष की याद को भी ताजा किया। यह यात्रा बस स्टेंड के समीप स्थित शहीद मेजर अमित ठेंगे चौक से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, शिवाजी चौक होते हुए एकता पार्क के पीछे बने शहीद स्मारक पहुंची। जहां हजारों की संख्या में मोमबत्ती प्रज्जवलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। यात्रा में मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, रोहित पोफली,भाजपा नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष बिट्टू विवेक मण्डराह सहित शहर के सामाजिक, धार्मिक और व्यवसायिक संगठन के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।


खबरें और भी हैं