शिवपुरी के किसानों परंपरागत खेती से हटकर नई खेती पर ध्यान दे रहे हैं। इसी क्रम में शिवपुरी के तानपुर गांव के रहने वाले एक किसान राजेश रावत ने अपने खेत में स्ट्रॉबेरी की खेती की है। इसके लिए किसान राजेश रावत ने अपने खेत में लगभग 7 लाख रुपए की लागत से नेट हाउस शेड का निर्माण किया है। किसान राजेश रावत ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने कुछ किसानों के साथ झांसी उप्र का भ्रमण किया वहां पर कुछ किसानों को स्ट्रॉबेरी का उत्पादन करते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने भी अपने मन में इस बात को ठाना कि वह भी शिवपुरी जैसे छोटे जिले में स्ट्रॉबेरी की खेती करेंगे।उद्यानिकी विभाग के ग्रामीण विस्तार अधिकारी जितेंद्र कुमार जाटव ने बताया कि तानपुर के किसान राजेश रावत ने परंपरागत खेती से हटकर के नया प्रयोग करने की हिम्मत जुटाई। वह इसके लिए आगे आए तो उद्यानिकी विभाग भी उनकी पूरी मदद कर रहा है। वैसे देखा जाए तो शिवपुरी जिले में यहां के किसान परंपरागत खेती के तौर पर गेहूं सरसो और चना ज्यादा करते हैं। इसके अलावा अब किसान टमाटर के उत्पादन भी जोर दे रहे हैं। लेकिन तानपुर के किसान राजेश रावत ने एक नया प्रयोग करते हुए स्ट्रॉबेरी उगाने पर जोर दिया है।